हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, ABVP छात्र संघ प्रत्याशी समेत चार पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित

हल्द्वानी न्यूज़– शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से मुखानी थाने में तहरीर दी गई थी। शिकायत में चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले को लेकर एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की नामजद शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी सिटी के अनुसार, पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।










