उत्तराखंड- अलकनंदा झील में दो बोटों की टक्कर, बड़ा हादसा टला, वीडियो वायरल

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर के समीप अलकनंदा झील में दो बोटों की आपस में टक्कर का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों बोटों पर केवल चालक ही सवार थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि झील के किनारे दो बोट तेज रफ्तार में चल रही हैं। एक बोट आगे चल रही थी, जबकि दूसरी कुछ दूरी पर पीछे थी। इसी दौरान आगे वाली बोट अचानक मुड़ गई। पीछे आ रही बोट का चालक नियंत्रण नहीं रख सका और उसकी बोट आगे वाली बोट के ऊपर चढ़ती हुई नजर आई। हालांकि इस टक्कर में कोई जनहानि नहीं हुई।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि यदि बोटों में पर्यटक सवार होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बोट संचालन में लापरवाही और तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की है।
पहले भी उठ चुकी है आपत्ति
धारी देवी मंदिर के आसपास बोट संचालन को लेकर स्थानीय लोग और मंदिर प्रशासन पहले भी कई बार आपत्ति जता चुके हैं। उनका कहना है कि बोटों के शोर-शराबे से मंदिर में पूजा-पाठ और धार्मिक वातावरण प्रभावित होता है। मंदिर समिति के अनुसार अब तक 200 से अधिक शिकायतें मिल चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद श्रीनगर नगर निगम द्वारा बोट संचालन जारी है।
नगर निगम ने दिया आश्वासन
मामले पर श्रीनगर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी ने कहा है कि मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर बोट संचालन स्थानांतरित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना और विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
कहां स्थित है धारी देवी मंदिर?
धारी देवी का प्रसिद्ध मंदिर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में अलकनंदा नदी के तट पर स्थित है। यह मंदिर श्रीनगर से लगभग 15 किलोमीटर दूर है और काली देवी को समर्पित है। मंदिर झील के बीचों-बीच स्थित है, जहां पहुंचने के लिए अलग से मार्ग बनाया गया है। मंदिर के पास एक प्राचीन गुफा भी मौजूद है। गढ़वाल क्षेत्र में यह मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।








