देहरादून में होली से पहले बवाल: गुब्बारे फेंकने से शुरू हुआ विवाद, मोबाइल शॉप में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़; तीन पर मुकदमा

देहरादून न्यूज़– होली से पहले शहर के व्यस्त इलाके घंटाघर में सोमवार शाम जमकर बवाल हो गया। राहगीरों पर पानी के गुब्बारे फेंकने से मना करने पर कुछ युवक एक मोबाइल शॉप में घुस गए। आरोप है कि युवकों ने स्टाफ को बाहर घसीटकर पीटा और ईंट-डंडों से दुकान में तोड़फोड़ की। हमले में एक कर्मचारी के सिर में गहरी चोट आई, जिसे अस्पताल में टांके लगाने पड़े।
सड़क पर गुब्बारे फेंकने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक घटना शाम करीब 5 बजे चकराता रोड स्थित एक मोबाइल मार्ट के सामने हुई। कुछ युवक राहगीरों पर होली के पानी से भरे गुब्बारे फेंक रहे थे। आसपास के दुकानदारों ने उन्हें ऐसा न करने के लिए टोका, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामला धीरे-धीरे हाथापाई तक पहुंच गया।
दुकानदारों ने किसी तरह युवकों को वहां से हटाकर स्थिति शांत कराई, लेकिन इलाके में तनाव बना रहा।
दोबारा लौटे युवक, दुकान में घुसकर की मारपीट
कुछ देर बाद वही युवक बड़ी संख्या में वापस लौटे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि वे दुकान के अंदर घुस गए, स्टाफ को बाहर खींच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान ईंट और डंडों से दुकान में तोड़फोड़ भी की गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ के बीच दो पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। हालांकि, भीड़ के आगे वे हालात काबू करने में असहाय दिखे और लोगों को शांत कराने की कोशिश करते रहे।
कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट
दुकान मालिक दीपक के मुताबिक युवकों के हाथों में ईंट और डंडे थे। उन्होंने पहले महिला स्टाफ और मालिक से अभद्रता की, फिर स्टाफ को बाहर घसीटकर पीटा। हमले में दुकान पर काम करने वाले अक्षय नाम के युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे टांके लगाने पड़े।
दीपक का कहना है कि जाते समय युवक धमकी भी देकर गए। घटना के बाद से वे डरे हुए हैं और दुकान खोलने से भी हिचक रहे हैं।
तीन युवकों पर मुकदमा दर्ज
दोनों पक्षों ने थाना नगर कोतवाली देहरादून में तहरीर दी है। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 333 और 351(3) के तहत तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि राहगीरों पर पानी के गुब्बारे फेंकने के विरोध में विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








