रुद्रपुर में पारले चौक के पास सड़क किनारे मिले दंपती के शव, सिर पर गंभीर चोटें; तेज रफ्तार वाहन की टक्कर की आशंका

रुद्रपुर न्यूज़- रिंग रोड स्थित पारले चौक, काशीपुर रोड के पास सोमवार देर शाम सड़क किनारे दंपती के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मृतकों की पहचान धर्मपुर निवासी संतोष यादव (48) और उनकी पत्नी सुनीता यादव (40) के रूप में हुई है। संतोष यादव सिडकुल स्थित नेस्ले कंपनी के प्रोडक्शन विभाग में कार्यरत थे। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम दोनों पति-पत्नी दानपुर से धर्मपुर की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों को पारले चौक के पास सड़क किनारे टहलते हुए देखा गया था। इसके बाद करीब साढ़े आठ बजे एक ग्रामीण ने दोनों को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से दोनों की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उनकी पहचान संतोष यादव और सुनीता यादव के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस अब हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दंपती को टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।








