उत्तराखण्डगढ़वाल,

देहरादून- वर्षवार भर्ती की मांग पर अड़े नर्सिंग बेरोजगार, सीएम आवास कूच रोका; आज आश्वासन नहीं तो सामूहिक मुंडन की चेतावनी

देहरादून न्यूज़- वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे नर्सिंग बेरोजगारों को सोमवार को पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इसके बाद नर्सिंग बेरोजगार वहीं सड़क पर बैठकर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आज ही उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला तो वे सामूहिक मुंडन कर विरोध दर्ज कराएंगे।

 

नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बहल चौक से देहरादून समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे नर्सिंग बेरोजगार मुख्यमंत्री आवास कूच के लिए निकले थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ निर्माणाधीन बिल्डिंग के आठवें फ्लोर से गिरकर नामी बिल्डर की मौत, सुसाइड नोट ने खोला सच, पुलिस जांच में जुटी

 

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि नर्सिंग बेरोजगार पिछले 46 दिनों से एकता विहार में धरना दे रहे हैं। पूर्व में कई बार प्रदर्शन, रैली और ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस या सकारात्मक पहल नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में पुताई करने आया युवक निकला शातिर चोर, 3.17 लाख रुपये संग गिरफ्तार

 

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा जारी की गई वर्तमान नर्सिंग भर्ती विज्ञप्ति को तत्काल निरस्त कर भर्ती पोर्टल बंद किया जाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की भांति वर्षवार लागू किया जाए। नर्सिंग बेरोजगारों ने IPHS मानकों के अनुरूप 2500 से अधिक पदों पर नई भर्ती विज्ञप्ति जारी करने, उत्तराखंड के मूल निवासियों को प्राथमिकता देने तथा आयु सीमा पार कर चुके योग्य अभ्यर्थियों को विशेष आयु छूट देने की मांग भी दोहराई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ शादी समारोह में शामिल होने आए थे दंपती, अंगीठी के धुएं में दम घुटने से हुई मौत

 

धरने पर बैठे नर्सिंग बेरोजगारों ने स्पष्ट किया कि यदि आज उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो वे हाथीबड़कला में ही बैठकर सामूहिक मुंडन कर विरोध को और तेज करेंगे।

 

इस दौरान सरिता जोशी, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, भास्कर, अनिल रमोला, अजीत, पपेंद्र, उपेंद्र, मुकेश रमोला, श्वेता, प्रीति, सुजाता, शिरा, लता सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार मौजूद रहे।