उत्तराखंड- यहाँ हुआ में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो, दो लोगों की मौत

उत्तराखंड के चंपावत जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाटी ब्लॉक के सलना-कानाकोट क्षेत्र में एक ऑल्टो कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कानाकोट निवासी 58 वर्षीय कमल सिंह और पश्चिमी चंपारण बिहार निवासी 38 वर्षीय बबलू चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद कार संख्या UK 04-6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि सिरतोली के पास सामने से आ रहे वाहन को पास देने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कमल सिंह पुत्र रघुवर सिंह निवासी कानाकोट और बबलू चौधरी पुत्र गंगा चौधरी निवासी बगही रतनपुर, थाना बैरिया, पश्चिमी चंपारण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव के बाद दोनों घायलों को मायावती अस्पताल की एंबुलेंस से उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
भवन निर्माण सामग्री लेने जा रहे थे कमल सिंह
जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा के अनुसार कमल सिंह लोहियाहेड पावर स्टेशन में एसएसओ के पद पर तैनात थे। कानाकोट स्थित उनके मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी सिलसिले में वह भवन निर्माण सामग्री लेने के लिए मिस्त्री का काम करने वाले बबलू चौधरी के साथ लोहाघाट की ओर जा रहे थे।
कमल सिंह के परिवार में उनकी पत्नी ममता देवी, चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी पत्नी देवीधुरा में शिक्षिका हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर दी सांत्वना
हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, एसडीएम नीतू डांगर, पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रथम दृष्टया सामने से आ रहे वाहन को पास देने के दौरान कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।
नोट: हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने पर खबर को लगातार अपडेट किया जाएगा।








