अग्निवीरों के लिए HNBGU में डिप्लोमा कोर्स शुरू, 25 अप्रैल तक करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अग्निवीरों के लिए विशेष डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू कर दिया है। इस कार्यक्रम के तहत गढ़वाल राइफल्स के अग्निवीर बैच AV-08 के प्रशिक्षु अभ्यर्थी 25 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पंजीकरण प्रक्रिया 4 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और सभी पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक आदेश भी जारी किया है।
अग्निवीरों के लिए विशेष पहल
दरअसल, विश्वविद्यालय और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन के बीच पूर्व में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था। इस समझौते का उद्देश्य अग्निवीरों को कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसी के तहत यह विशेष डिप्लोमा पाठ्यक्रम तैयार किया गया है और अब इसमें प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जीआरआरसी, लैंसडाउन के अधिकारियों से भी अनुरोध किया है कि पंजीकरण प्रक्रिया को एमओयू की शर्तों और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप ही पूरा कराया जाए।
शुल्क और पंजीकरण
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग (DSW) के प्रो. ओपी गुसाईं के अनुसार, प्रति अभ्यर्थी पंजीकरण शुल्क 500 रुपये और उपयोगकर्ता शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है। इस तरह कुल शुल्क 650 रुपये रखा गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।








