उत्तराखण्डकुमाऊं,

रामनगर में पुलिस और वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद चंदन सागर गिरफ्तार

नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात पुलिस और वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मालधन क्षेत्र के 64 नंबर गेट के जंगल में पुलिस टीम ने आरोपी चंदन सागर की घेराबंदी की तो उसने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

 

 

पुलिस के मुताबिक रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से वांटेड चल रहा था। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी हाथीडांगर वन विभाग चेकपोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग गया और घने जंगल में जाकर छिप गया।

यह भी पढ़ें 👉  ग्राफिक एरा जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन

 

 

पुलिस टीम ने जंगल में उसकी तलाश और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। उसने करीब तीन राउंड फायर किए, जिसमें पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।

 

 

अतिरिक्त पुलिस बल ने पूरे जंगल को घेरा

फायरिंग की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जंगल की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस टीम ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान चंदन सागर के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, सड़क से उतरकर बोल्डरों में अटकी कार

 

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार समेत अन्य सामान बरामद होने की जानकारी दी है। बरामद सामान की जांच की जा रही है।

 

 

गोली पैर को आर-पार करती हुई निकली

घायल आरोपी को उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. तौहीद के अनुसार चंदन सागर के पैर में गोली लगी थी, जो आर-पार हो गई। अस्पताल में उसका उपचार किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें 👉  SSC ने इन पदों पर निकली बंपर भर्तियां, ऐसे करे आवेदन।

 

हत्या समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक रामनगर में हाल में हुई एक घटना में भी उसका नाम सामने आया था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

 

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस द्वारा वांछित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।