उत्तराखंड बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन आज समाप्त, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आ सकता है हाईस्कूल-इंटर का रिजल्ट

उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुक्रवार को समाप्त हो जाएगा। बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की गई थीं, जिसके बाद 27 मार्च से 10 अप्रैल तक मूल्यांकन प्रक्रिया चलाई गई।
बोर्ड की ओर से राज्यभर में मूल्यांकन के लिए 29 केंद्र बनाए गए थे। अधिकांश केंद्रों पर गुरुवार को ही मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया, जबकि कुछ केंद्रों में शुक्रवार तक कार्य जारी रहा। रामनगर स्थित केंद्र में भी कॉपियों का मूल्यांकन कार्य संपन्न हो चुका है।
पिछले वर्ष उत्तराखंड बोर्ड का परीक्षाफल 19 अप्रैल को घोषित किया गया था, लेकिन इस बार परीक्षाओं में करीब पांच दिन की देरी होने के कारण परिणाम भी थोड़ा देर से जारी होने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम अप्रैल के अंतिम सप्ताह में घोषित किया जा सकता है
।
उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि 10 अप्रैल को मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद निर्धारित समय पर परीक्षाफल जारी किया जाएगा।








