उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

देहरादून- प्रदेश में LPG सप्लाई पर सरकार सख्त: किल्लत से इनकार, कालाबाजारी पर कार्रवाई के निर्देश

देहरादून न्यूज़- प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और किसी भी जनपद में किल्लत जैसी स्थिति नहीं है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को एलपीजी की मांग और सप्लाई की समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर कोई कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित इस समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ गैस सप्लाई कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जबकि सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ होली के बहाने युवती से छेड़खानी, विरोध पर घर में घुसकर हमला; CCTV में कैद पूरी वारदात

 

बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन और 60,976 कमर्शियल कनेक्शन हैं। वर्तमान में 80,861 घरेलू सिलिंडर और 12,146 कमर्शियल सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि रोजाना सप्लाई भी सुचारु रूप से पहुंच रही है।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलिंडरों की डिलीवरी में किसी तरह की लापरवाही न हो और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। गैस एजेंसियों या स्टोर से सीधे सिलिंडर देने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- रोडवेज बस ने दो बाइक और स्कूटी सवारों को कुचला, हादसे में दो की मौत, बस चालक मौके से हुआ फरार

 

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की एसओपी के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस की नियमित सप्लाई की जा रही है। साथ ही, नए कमर्शियल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले व्यवसायियों को 24 घंटे के भीतर कनेक्शन देने के निर्देश गैस कंपनियों को दिए गए हैं।

 

प्रदेश सरकार कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही है। अब तक 173 स्थानों पर छापेमारी की गई है और 15 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

 

इसके अलावा, राज्य में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजकर पीएनजी लाइन के लिए जल्द एनओसी जारी करने का अनुरोध किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  सोशल मीडिया में लाइक्स और कमेंट की दौड़ में युवाओं का खोता मानसिक स्वास्थ्य

 

बैठक के दौरान कुछ जिलों के अधिकारियों ने बीपीसीएल से सप्लाई कम आने की शिकायत की, जिस पर कंपनी को स्थिति जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन न होने पर केंद्र सरकार से शिकायत की जाएगी।

 

बैठक में विभागीय सचिव एल. फैनई, अपर आयुक्त जी.एस. पांगती सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।