हल्द्वानी- यहाँ हुआ भीषण सड़क हादसा: स्कूटी-पिकअप भिड़ंत में युवती की मौत, दूसरी गंभीर हालत में रेफर

नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा भाकड़ा नदी पुल के पास उस समय हुआ जब स्कूटी और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:13 बजे डायल 112 पर हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम वाहन संख्या UK 04 GA 0544 से अपर उपनिरीक्षक लेखराज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची।
मौके पर पिकअप वाहन (UK 06 AC 9796) और स्कूटी (UK 04 AP 6596) के बीच भीषण भिड़ंत पाई गई। हादसे में स्कूटी सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने भावना रावत (20 वर्ष), पुत्री भोपाल सिंह रावत, निवासी चकलुवा कालाढूंगी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी घायल युवती नेहा जोशी (लगभग 20 वर्ष), निवासी लामाचौड़, की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।








