हल्द्वानी में कार सर्विस सेंटर में भीषण आग, डेढ़ लाख की नकदी समेत फर्नीचर जलकर राख

हल्द्वानी न्यूज़- शहर के कालाढूंगी रोड पर ऊंचा पुल के पास रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर से होते हुए पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक फैल गई। इस हादसे में सेंटर का सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, बिलिंग काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे सर्विस सेंटर से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। शुरुआत में आग स्पेयर पार्ट्स स्टोर में लगी और तेजी से फैलते हुए सेंटर के अन्य हिस्सों तक पहुंच गई। आग को विकराल होता देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों को मौके पर भेजा गया था। टीम ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।
आग की चपेट में आने से सर्विस सेंटर के अंदर रखा काफी सामान जल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी जलकर नष्ट हो गई। आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।










