हल्द्वानी- यहाँ भूख का बहाना बनाकर युवक ने लूटा मोबाइल, गूगल पे से 42 हजार रुपये उड़ाए

हल्द्वानी न्यूज़– रोडवेज बस स्टेशन के पास एक युवक ने भूख लगने का बहाना बनाकर एक व्यक्ति से मदद मांगी और बाद में उसका मोबाइल छीनकर गूगल पे के जरिए 42 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बडौन खनस्यू ग्राम टीमर निवासी हरेंद्र सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि नौ मार्च को वह रोडवेज बस स्टेशन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक उनसे मिला और खुद को भूखा बताते हुए खाना खिलाने की गुहार लगाने लगा।
मानवीयता दिखाते हुए हरेंद्र सिंह उसे पास के एक ढाबे में ले गए और खाना खिलाया। ढाबे पर भुगतान करते समय हरेंद्र ने गूगल पे से पैसे दिए, इसी दौरान युवक ने उनका पिन देख लिया।
खाना खाने के बाद आरोपी युवक अचानक हरेंद्र के हाथ से मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया। हरेंद्र ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। बाद में जब उन्होंने अपने खाते की जांच की तो पता चला कि खाते से 42 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।
मामले में कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








