उत्तराखण्डकुमाऊं,

हरीश रावत के पोस्ट से गरमाई उत्तराखंड कांग्रेस की सियासत, उमेश कुमार ने खोला मोर्चा; 2016 से 2027 तक छिड़ी बहस

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड कांग्रेस में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी खींचतान लगातार तेज होती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच अब खुला राजनीतिक वार-पलटवार शुरू हो गया है। रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को लेकर कांग्रेस हाईकमान की आपत्ति के बीच उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इसके जवाब में उमेश कुमार ने हरीश रावत के नाम खुला पत्र जारी कर कई सवाल सीधे उन पर दागे हैं।

 

 

रावत ने बिना नाम लिए 2016 के घटनाक्रम पर साधा निशाना

हरीश रावत ने छह अक्टूबर को अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में बिना नाम लिए 2016 में कांग्रेस सरकार गिरने के घटनाक्रम और उस समय की कथित भूमिका को लेकर सवाल उठाए। रावत ने लिखा कि 2016 में कांग्रेस सरकार गिराने में जो व्यक्ति ‘इंस्ट्रूमेंट’ बना, आज हरिद्वार और आसपास के कुछ नए ब्रांड के कांग्रेसी उसी व्यक्ति का महिमामंडन करने में लगे हैं।

 

 

रावत ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसा प्रयास हुआ था और अब यह कोशिश और गहरी हो गई है। उन्होंने पोस्ट में यह भी कहा कि जिस व्यक्ति के पास आज अपार दौलत है, वह कुछ लोगों को वंदनीय दिखाई दे रहा है। रावत ने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति की अधिकांश दौलत का बड़ा हिस्सा 2016 में उनकी सरकार गिरने के बाद खरीदा गया।

 

 

रावत ने आगे लिखा कि जिस व्यक्ति ने सरकार बचाने के लिए संघर्ष किया, वह आज ‘विलन’ है, जबकि जिसके कारण उत्तराखंड से 10 साल के लिए कांग्रेस की विदाई हुई, वह ‘हीरो’ बन गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी – यहाँ अवैध मदरसा और नमाज स्थल ध्वस्त करने गई प्रशासन की टीम पर पथराव, प्रशासन द्वारा भारी विरोध के बीच ध्वस्त किया अवैध निर्माण, वीडियो

 

 

उमेश कुमार ने जारी किया खुला पत्र

रावत के इस पोस्ट के बाद उमेश कुमार ने ‘हरीश रावत जी के नाम खुला पत्र’ जारी किया। उन्होंने रावत के आरोपों और कांग्रेस में उन्हें लाने की कथित कोशिश के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके नाम को कांग्रेस हाईकमान के सामने ढाल की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।

 

 

उमेश कुमार ने कहा कि जन निर्माण पार्टी की स्थापना हो चुकी है और वह उसके टिकट पर खानपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस में शामिल किए जाने की चर्चाओं का आधार क्या है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।

 

 

उमेश ने पूछा- एक निर्दलीय विधायक इतना महत्वपूर्ण कब हो गया?

उमेश कुमार ने हरीश रावत पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ नेता को उनके ऊपर इतना लंबा राजनीतिक लेख लिखने की जरूरत क्यों पड़ी।

 

 

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब उनके पास न किसी राष्ट्रीय पार्टी का बड़ा संगठन है और न सत्ता की मशीनरी, तो फिर उनके खिलाफ इतनी राजनीतिक बेचैनी क्यों दिखाई जा रही है।

 

 

2016 के मुद्दे पर भी पलटवार

उमेश कुमार ने कहा कि अगर हरीश रावत ने 2016 का इतिहास याद दिलाया है तो उस दौर का पूरा घटनाक्रम भी याद रखा जाना चाहिए। उन्होंने रावत की तत्कालीन सरकार और उस समय के राजनीतिक हालात को लेकर कई सवाल उठाए।

 

उमेश ने यह भी कहा कि यदि कोई एक व्यक्ति सरकार गिराने में इतना प्रभावशाली था तो सवाल यह भी उठता है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री से उसे किस बात का डर होता।

यह भी पढ़ें 👉  मुखानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध कच्ची शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

 

 

असली लड़ाई 2016 की नहीं, 2027 की?

उमेश कुमार ने बहस को सीधे 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़ दिया। उन्होंने खानपुर सीट को लेकर सक्रिय राजनीतिक चेहरों पर सवाल उठाते हुए करतार भड़ाना, अवतार भड़ाना और प्रणव सिंह समेत कई नामों का जिक्र किया।

 

 

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर खानपुर में ऐसा क्या है कि बड़े राजनीतिक चेहरे इस सीट को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके मुताबिक आने वाले विधानसभा चुनाव में खानपुर की राजनीतिक स्थिति काफी महत्वपूर्ण हो सकती है।

 

 

पत्रकारिता से विधानसभा तक का सफर

उमेश कुमार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर खानपुर सीट से जीत दर्ज कर विधानसभा में प्रवेश किया था। राजनीति में आने से पहले वह पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं।

 

 

उनका नाम 2016 के चर्चित राजनीतिक घटनाक्रम से भी जुड़ा रहा। उस दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत से संबंधित कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा विवाद हुआ था। उमेश कुमार ने उस स्टिंग को प्रसारित किया था, जिसमें विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़ी बातचीत सामने आने का दावा किया गया था।

 

 

करीब एक दशक बाद 2016 का वही विवाद एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में आ गया है। हालांकि इस बार बहस का केंद्र कांग्रेस सरकार नहीं, बल्कि 2027 का विधानसभा चुनाव और खानपुर की सियासी जमीन है।

 

 

रावत को इनपुट कहां से मिला, उमेश ने उठाया सवाल

इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल यह है कि हरीश रावत को यह जानकारी कहां से मिली कि हरिद्वार के कुछ कांग्रेसी उमेश कुमार का महिमामंडन कर रहे हैं और उन्हें कांग्रेस में लाने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ करंट की चपेट में आने से महिला की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 

 

उमेश कुमार ने रावत के इस दावे को खारिज करते हुए पूछा है कि उनके नाम को कांग्रेस हाईकमान के सामने क्यों इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह जन निर्माण पार्टी के टिकट पर खानपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं।

 

 

कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान भी चर्चा में

यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब हरीश रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की ओर से सवाल उठाए गए हैं। पार्टी नेतृत्व ने व्यक्तिगत राजनीतिक अभियानों के बजाय सामूहिक कार्यक्रमों पर जोर दिया है। रावत को इस मामले में हाईकमान के सामने स्पष्टीकरण भी देना है।

 

 

ऐसे में एक ओर उनकी यात्रा को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा है और दूसरी ओर उमेश कुमार को लेकर उनका सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। इसके बाद उत्तराखंड कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और अलग-अलग राजनीतिक धड़ों के बीच चल रही खींचतान को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

 

अब निगाह इस बात पर है कि दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के सामने हरीश रावत क्या सफाई देते हैं और उमेश कुमार के साथ शुरू हुए इस नए राजनीतिक विवाद पर पार्टी नेतृत्व का रुख क्या रहता है।

 

साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले खानपुर सीट को लेकर सियासी तस्वीर किस दिशा में जाती है, यह भी आने वाले समय में महत्वपूर्ण होगा।