उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, 14 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले एक सप्ताह तक बदला रहने की संभावना है। प्रदेश के सभी जिलों में आज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारों की संभावना जताई है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने टिहरी और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका है। लगातार बारिश के बीच प्रदेश में 10 जिलों की 79 सड़कें बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो रही है।
चकराता-लाखामंडल मार्ग पर मलबा आने से यातायात प्रभावित
मंगलवार को देहरादून जिले में चकराता-लाखामंडल मोटर मार्ग पर लैंडस्लाइड के कारण यातायात प्रभावित हुआ। किलोमीटर 21 पर पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आने के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सड़क को खोलने के लिए कार्रवाई की गई।
वहीं, पिथौरागढ़ में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर कुलागाड़ के पास भी लैंडस्लाइड हुई। पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मार्ग को सुचारु करने के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई।
13 अगस्त को इन जिलों में यलो अलर्ट
13 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़ और चंपावत में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
14 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
14 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से अत्यंत भारी बारिश, तेज गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
15 अगस्त को सात जिलों में यलो अलर्ट
15 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बौछारों की संभावना है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।







