उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: गंगोत्री हाईवे बंद, नीती घाटी में वैली ब्रिज बहा; कई घरों में घुसा पानी

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। देर रात से जारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गंगोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड, आवाजाही बंद
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर हेल्गूगाड़ के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। इसके चलते हाईवे पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। घटना की सूचना मिलते ही बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची और हाईवे से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। हाईवे बंद होने से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नीती घाटी में वैली ब्रिज बहा, 17 से अधिक गांव प्रभावित
चमोली जिले की नीती घाटी में लगातार बारिश के बीच हालात बिगड़ गए हैं। तमक के पास नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण वैली ब्रिज बह गया। पुल के बहने से घाटी के 17 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थानीय स्तर पर आवाजाही बाधित होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
देहरादून में घरों में घुसा पानी, 200 से ज्यादा लोग प्रभावित
देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण 80 से अधिक घरों में पानी घुस गया। इससे 200 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं कारगी क्षेत्र के चानचक में नदी किनारे स्थित तीन मकान ध्वस्त हो गए। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।
हरिद्वार और रुड़की में भी जलभराव
बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिला। हरिद्वार की मेन रोड पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। रुड़की की कई सड़कें भी जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गईं।
1,400 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि 1,400 से अधिक गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऊर्जा विभाग और संबंधित टीमें प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था बहाल करने में जुटी हैं।
बारिश के चलते कई जिलों में स्कूल बंद
खराब मौसम को देखते हुए बागेश्वर में कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं पिथौरागढ़ में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय बंद किए गए हैं। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में भी भारी बारिश का अनुमान है। प्रदेश के अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम खराब होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, बोल्डर गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी मार्गों पर बेहद सावधानी के साथ आवाजाही करें।







