सितारगंज-टनकपुर हाईवे पर भीषण हादसा: टैक्सी कार-बाइक की टक्कर के बाद लगी आग, दो युवकों की मौत

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में शुक्रवार सुबह सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद टैक्सी कार का चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार सीएनजी से संचालित थी और प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह सीएनजी को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके।








