LPG सिलेंडर पर आज से बड़ा नियम लागू! आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराया तो सब्सिडी पर पड़ेगा असर

नई दिल्ली- रसोई गैस यानी LPG सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) जरूरी कर दिया गया है। ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें जल्द से जल्द अपना आधार ऑथेंटिकेशन करा लेना चाहिए।
आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराया तो क्या होगा?
सरकार की इस व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी का लाभ केवल पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना और फर्जीवाड़े पर रोक लगाना है। हालांकि, आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराने पर LPG सिलेंडर की सप्लाई बंद नहीं होगी। उपभोक्ता सिलेंडर बुक और प्राप्त कर सकेंगे, लेकिन उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और सिलेंडर के लिए पूरा बाजार मूल्य चुकाना पड़ सकता है।
वहीं, जिन ग्राहकों का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं है।
27.43 करोड़ में से करीब 90 फीसदी उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन पूरा
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं में से करीब 89.9 फीसदी का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा हो चुका था। यानी अभी भी कुछ उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
ऐसे उपभोक्ताओं के लिए 30 सितंबर की समयसीमा अहम थी, क्योंकि 1 अक्टूबर से नई व्यवस्था लागू हो गई है।
गैस डिलीवरी के समय भी करा सकते हैं ऑथेंटिकेशन
आधार ऑथेंटिकेशन कराने के लिए उपभोक्ताओं को जरूरी नहीं कि गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ें। LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरीमैन के जरिए भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है।
इसके अलावा उपभोक्ता अपने संबंधित LPG डिस्ट्रीब्यूटर के कार्यालय में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
मोबाइल ऐप से घर बैठे भी सुविधा
LPG कंपनियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अपने मोबाइल ऐप के जरिए भी आधार ऑथेंटिकेशन की सुविधा उपलब्ध कराई है।
- Indane ग्राहक: IndianOil ONE ऐप
- Bharatgas ग्राहक: HelloBPCL ऐप
- HP Gas ग्राहक: HP PAY ऐप
यानी उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार गैस डिलीवरी के समय, डिस्ट्रीब्यूटर कार्यालय या संबंधित कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर सकते हैं।
जरूरी बात: अगर आपका LPG आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही सफलतापूर्वक हो चुका है, तो आपको दोबारा प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं है। वहीं, जिन उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन अभी बाकी है, उन्हें सब्सिडी से जुड़े लाभों के लिए इसे जल्द पूरा कर लेना चाहिए।








