हल्दूचौड़ में डंपर की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत पिता घायल, पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लिया

लालकुआं न्यूज़- हल्दूचौड़ पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर गायत्री शक्तिपीठ के पास गुरुवार को डंपर की टक्कर से दोपहिया सवार 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे में उसके पिता घायल हो गए। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मृतका की पहचान प्रेरणा (14) पुत्री सुरेंद्र कुमार, निवासी खाद गोदाम, नहर के पार, बंडिया, किच्छा के रूप में हुई है। हादसे में उसके पिता सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र हेतराम घायल हुए हैं। बताया गया कि पिता-पुत्री दोपहिया वाहन से हल्द्वानी से किच्छा की ओर जा रहे थे। गायत्री शक्तिपीठ के पास पीछे से आए डंपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने से प्रेरणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र कुमार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।








