हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत

हरिद्वार न्यूज़- पथरी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर कटारपुर पेट्रोल पंप के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक रिश्तेदार को हरिद्वार छोड़कर लौट रहा था सौरभ
पुलिस के अनुसार बादशाहपुर निवासी सौरभ (24) पुत्र भरत सिंह अपने एक रिश्तेदार को हरिद्वार छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान कटारपुर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
दूसरी मोटरसाइकिल पर राजा (26) पुत्र राजू, निवासी पुरुषोत्तम नगर, पथरी बंगला सवार था। बताया गया कि राजा फेरुपुर की ओर से हरिद्वार की तरफ जा रहा था। दोनों बाइक की सीधी भिड़ंत में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर दूर जा गिरे दोनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों मोटरसाइकिलों की रफ्तार काफी तेज थी। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद दोनों गंभीर हालत में सड़क पर पड़े रहे।
राहगीरों ने तत्काल मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा रही, जिससे मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से बताए जा रहे हैं। सौरभ के माता-पिता खेती-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं राजा का परिवार भी आर्थिक रूप से कमजोर बताया गया है।
दोनों युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही उनके गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से ग्रामीणों में भी शोक की लहर है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पथरी थाना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही समेत अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कटारपुर पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हुई थी। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








