देहरादून में छात्र की फावड़े से हत्या, यूनिवर्सिटी के दो गुटों में खूनी झड़प; 3 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र दिव्यांशु जटराणा की सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई। दिव्यांशु मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला था और बीटेक की पढ़ाई के लिए देहरादून आया हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार (23 मार्च 2026) रात करीब 8:30 बजे प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में हुई। ‘बावा की रसोई’ नामक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे दिव्यांशु का वहां पहले से मौजूद छात्रों के दूसरे गुट से विवाद हो गया। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान 15 से ज्यादा युवकों ने एकजुट होकर दिव्यांशु पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर फावड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दिव्यांशु को पहले प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस खराब होने के कारण पुलिस वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक के चाचा गौरव राणा की शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, दंगा और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—युवराज कुमार (BBA सेकंड ईयर), मधुर खंडेलवाल (B.Tech थर्ड ईयर) और शिवम शर्मा (B.Tech थर्ड ईयर)—को गिरफ्तार कर लिया है। ये तीनों छात्र प्रेमनगर में किराए पर रह रहे थे। इसके अलावा कुछ अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर छात्र गुटबाजी और कैंपस के बाहर बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े करती है








