नैनीताल में विधायक पुत्र की दबंगई फेल: SDM ने हूटर बजाने पर गाड़ी सीज की, चालान काटा

नैनीताल में वीआईपी रौब दिखाने की कोशिश एक विधायक के बेटे पर भारी पड़ गई। मॉल रोड पर जाम के दौरान हूटर बजाकर रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे यूपी के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे राहुल पटेल की कार को SDM ने मौके पर ही रुकवाकर सीज कर दिया और चालान भी काट दिया।
घटना गुरुवार की है, जब राहुल पटेल अपनी सफेद कार से नैनीताल घूमने आए हुए थे। मॉल रोड पर भारी जाम में फंसने के बाद उन्होंने नियमों की अनदेखी करते हुए हूटर बजाना शुरू कर दिया। उसी दौरान मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे उपजिलाधिकारी (SDM) नवाजिश खालिक की नजर इस पर पड़ी।
हूटर की आवाज सुनते ही SDM ने तुरंत गाड़ी रुकवाई और कारण पूछा। लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय राहुल पटेल ने रौब दिखाते हुए कहा—“तुम हमें नहीं जानते, हमारे पापा विधायक हैं।” इस पर SDM ने सख्त रुख अपनाते हुए राहुल और उनके ड्राइवर को गाड़ी से नीचे उतरने को कहा।
इसके बाद मौके पर ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कार का चालान काटा गया और वाहन को सीज कर दिया गया। इस दौरान राहुल फोन पर किसी को कॉल करते भी नजर आए, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
घटना के दौरान मॉल रोड पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि राहुल पटेल अब अपनी सीज हुई गाड़ी को छुड़वाने के लिए नैनीताल कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह किसी भी पद या प्रभाव से जुड़ा क्यों न हो।








