कुमाऊं में 23 इनामी बदमाश फरार, STF के रडार पर; ऊधम सिंह नगर में सबसे ज्यादा

कुमाऊं मंडल में आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर लंबे समय से फरार चल रहे 23 इनामी बदमाश पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। इन अपराधियों पर 10 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित है। इनमें सबसे अधिक 11 बदमाश ऊधम सिंह नगर जिले के हैं। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ कुमाऊं ने भी निगरानी और तलाश तेज कर दी है।
एसटीएफ इन अपराधियों की मौजूदा लोकेशन का पता लगाने के लिए उनके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर उनकी गतिविधियों और ठिकानों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
छह जिलों में 23 इनामी अपराधी फरार
कुमाऊं मंडल के छह जिलों में हत्या, लूट, चोरी, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और तस्करी समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल रहे 23 अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें ऊधम सिंह नगर में 11, नैनीताल और पिथौरागढ़ में चार-चार, चंपावत में तीन और अल्मोड़ा में एक इनामी अपराधी फरार है। बागेश्वर जिले में फिलहाल कोई इनामी अपराधी नहीं है।
पुलिस की ओर से फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जाती है। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने जैसी कार्रवाई भी की जाती है। इसके बावजूद हाथ नहीं आने पर उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया जाता है।
नेपाल से दिल्ली तक तलाश रही STF
फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ उनके पुराने ठिकानों, रिश्तेदारों और संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटा रही है। उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी उनके संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है। वहीं पड़ोसी देश नेपाल तक उनके छिपे होने की आशंका को देखते हुए जानकारी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ की टीमें सर्विलांस के जरिए भी अपराधियों को ट्रेस करने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुछ इनामी बदमाशों की लोकेशन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पांच रुपये का इनाम भी हुआ था घोषित
वर्ष 2024 में काशीपुर हाईवे पर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के युवकों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई थी। मामले में पुलिस ने कुछ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फरार जसवीर सिंह उर्फ जस्सी निवासी अर्जुनपुर, रुद्रपुर और मनमोहन सिंह निवासी नेताजी नगर, दिनेशपुर पर पांच-पांच रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कुमाऊं मंडल के जिलावार इनामी बदमाश
नैनीताल (चार)
- सुमित कुमार शर्मा उर्फ गौरव वार्ष्णेय, साई कोचिंग सेंटर, मुखानी – 50 हजार रुपये।
- अतुल बिष्ट, डीएम कंपाउंड के पास, तल्लीताल, नैनीताल – एक लाख रुपये।
- किशोर राम, चोपड़ा, थाना रामनगर – एक लाख रुपये।
- रजनीश, शीला टाकीज के पास, बद्धूनगर, धामपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) – एक लाख रुपये।
अल्मोड़ा (एक)
- विजेंद्र सिंह बजेठा उर्फ विक्की, ग्राम डडोली, थाना द्वाराहाट – 30 हजार रुपये।
चंपावत (तीन)
- तेज सिंह, दूध पोखरा, कोतवाली चंपावत – 50 हजार रुपये।
- गोपाल दत्त जोशी, दैलेख महाकाली अंचल, जिला बैतडी, नेपाल – 50 हजार रुपये।
- पूरन सिंह, भट्टी गांव, पोस्ट बनकोट, थाना बेरीनाग, पिथौरागढ़ – 50 हजार रुपये।
पिथौरागढ़ (चार)
- जगदीश पुनेठा, सिल्पाटा, कोतवाली पिथौरागढ़ – 50 हजार रुपये।
- मनीष पाठक, कराला महर, धरमघर, तहसील बेरीनाग – 50 हजार रुपये।
- उत्तम सिंह, ग्राम कानाकोट, कोतवाली पिथौरागढ़ – 10 हजार रुपये।
- होशियार सिंह, ग्राम भटेडी, थाना झूलाघाट – 10 हजार रुपये।
ऊधम सिंह नगर (11)
- तनवीर सिंह, गुलजारपुर, कुंडेश्वरी, काशीपुर – 50 हजार रुपये।
- देवेंद्र धानुक उर्फ दीपक, चैनपुर, नेपाल – 10 हजार रुपये।
- इंद्रजीत सिंह, सुतईया, थाना पुलभट्टा – 15 हजार रुपये।
- प्रिंस यादव, बिजली कॉलोनी, नानकमत्ता – 25 हजार रुपये।
- रंदीप उर्फ राजा, ओमैक्स, पंतनगर – 25 हजार रुपये।
- हंसा उर्फ हंसराज सिंह, टुकड़ी, थाना नानकमत्ता – 25 हजार रुपये।
- वंशा उर्फ हरवंश सिंह, टुकड़ी, थाना नानकमत्ता – 25 हजार रुपये।
- अमरदीप सिंह, चंद्र कॉलोनी, सितारगंज – 20 हजार रुपये।
- अर्चना पाठक, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) – 50 हजार रुपये।
- प्रवल कौशिक, झुंझुनूं (राजस्थान) और लखनऊ (उत्तर प्रदेश) – 15 हजार रुपये।
- लोकेन्द्र सिंह खाती उर्फ लक्की, नेपाल और शाहदरा, दिल्ली – 50 हजार रुपये।
एसटीएफ की नजर में फरार अपराधी
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, कुमाऊं में आपराधिक वारदातों के बाद फरार चल रहे 23 इनामी बदमाशों की तलाश की जा रही है। उन्हें सर्विलांस के माध्यम से ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ इनामी बदमाश एसटीएफ के रडार पर हैं। उनकी लोकेशन ट्रैक कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।










