उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

जनगणना 2027: उत्तराखंड में जारी हुए हेल्पलाइन नंबर, स्वगणना में दिक्कत हो तो यहां करें संपर्क

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच आमजन की सुविधा के लिए जनगणना निदेशालय ने हेल्पलाइन और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर जारी किए हैं। ऑनलाइन स्वगणना के दौरान किसी तरह की परेशानी होने या जनगणना से जुड़ी जानकारी लेने के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है।

 

 

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने मंगलवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि प्रदेश में जनगणना के लिए कुल 34,443 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस कार्य के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर भी लगाए गए हैं।

 

 

 

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के सभी सरकारी डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्वगणना की प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस में रक्तदान शिविर, 22 यूनिट रक्त संग्रह

 

 

40 बिंदुओं पर जुटाई जाएगी जानकारी

जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार के सदस्यों से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, व्यवसाय, आर्थिक गतिविधियों, जन्म एवं निवास स्थान और प्रवास के कारण जैसी जानकारियां शामिल होंगी।

 

 

इसके अलावा अधिसूचित प्रावधानों के तहत बैंक खातों की संख्या और मोबाइल, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी। जनगणना सचिव दीपक कुमार ने प्रदेशवासियों से स्वगणना और जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।

 

 

ऐसे करें ऑनलाइन स्वगणना

स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद राज्य और भाषा का चयन करना होगा। भाषा का चयन सावधानी से करना जरूरी है, क्योंकि एक बार चयन होने के बाद इसे बदला नहीं जा सकेगा।

 

 

इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और भवन गणना के दौरान दर्ज कराया गया मोबाइल नंबर भरना होगा। मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को सत्यापित करने के बाद डिजिटल मैप खुलेगा। इसमें अपना जिला, क्षेत्र और निवास स्थान चुनना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: दीपावली की आतिशबाजी बनी जानलेवा, टनकपुर में युवक की आंख बुरी तरह झुलसी

 

 

 

इसके बाद परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 प्रश्नों के जवाब दर्ज करने होंगे। जानकारी भरने के बाद उसकी समीक्षा और जरूरी बदलाव किए जा सकते हैं। हालांकि, अंतिम पुष्टि करने के बाद जानकारी में बदलाव संभव नहीं होगा।

 

 

स्वगणना पूरी होने पर परिवार के मुखिया को एक आईडी जारी की जाएगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर-घर जनगणना के दौरान प्रगणक को दिखाना होगा, ताकि दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

 

 

व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी

जनगणना निदेशक ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्र किए जाने वाले व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय और जनहित संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया में एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

 

 

विदेशी नागरिकों और बेघरों की भी होगी गणना

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी हिंसा- बिहार से काम की तलाश में आया था प्रकाश, बनभूलपुरा कांड में गोली लगने से हुई मौत

जनगणना निदेशक के अनुसार, एक से चार जनवरी तक प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान होटल, आश्रम, रिजॉर्ट और अन्य स्थानों पर ठहरे विदेशी नागरिकों के साथ विदेश से अपने घर लौटे लोगों की भी गणना की जाएगी।

 

 

वहीं, बेघर लोगों की गणना के लिए चार जनवरी को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान चौराहों, पुलों और फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले लोगों को गणना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्रगणक पहले से ही ऐसे स्थानों को चिह्नित करेंगे।

 

 

पांच से नौ जनवरी तक होगा पुनरीक्षण

जनगणना निदेशालय के अनुसार, पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान संबंधित अवधि में हुए जन्म और मृत्यु के आंकड़ों को भी दर्ज किया जाएगा। नौ जनवरी को यह प्रक्रिया पूरी होगी।

 

 

वहीं, जनगणना के दौरान आचार संहिता लागू होने की संभावना को लेकर निदेशक ने कहा कि फिलहाल इसकी उम्मीद काफी कम है। उन्होंने बताया कि पहले भी जनगणना के दौरान ऐसी स्थिति नहीं बनी है।