देहरादून में एसटीएफ की बड़ी कार्यवाही: सुनील राठी गैंग के दो सदस्य अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार
दो पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो-एन बरामद; विवादित जमीनों में डराकर वसूली करने का खुलासा

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजधानी देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो-एन वाहन, दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुनील राठी अपने गैंग के जरिए देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।
26 फरवरी 2026 को एसटीएफ की टीम सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सुनील राठी गैंग के दो सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो-एन से सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पैसिफिक गोल्फ एस्टेट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उन्होंने अपनी पहचान भानू चौधरी (22 वर्ष) निवासी सहारनपुर और पारस (28 वर्ष) निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक .32 बोर की पिस्टल और कुल सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सुनील राठी के संपर्क में थे और कई बार पौड़ी जेल में उससे मिलने भी गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विवादित जमीनों के मामलों में सुनील राठी का नाम लेकर लोगों को डराते-धमकाते थे और समझौता कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की स्कॉर्पियो-एन (UP-51 BS 0001), दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को सहस्त्रधारा रोड से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई थाना राजपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को राजधानी में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को टालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








