उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में मानसून की दस्तक तय! आज 5 जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट, 30 जून तक बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

 

 

वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत समेत अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बढ़ते अपराध और गन कल्चर पर हाईकोर्ट सख्त, गृह सचिव और डीजीपी से दो हफ्ते में प्लान तलब

 

 

28 से 30 जून के बीच पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 28 से 30 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना है। मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। अगले दो से तीन दिनों तक कई क्षेत्रों में लगातार वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

 

 

सुपर अल नीनो का पड़ सकता है असर

विश्व मौसम विज्ञान संगठन के सदस्य डॉ. पंकज कुमार के अनुसार इस बार मानसून की रफ्तार और सक्रियता पर सुपर अल नीनो का प्रभाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि सुपर अल नीनो की स्थिति में प्रशांत महासागर का तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है, जिससे मानसून की गति, दिशा और उसकी निरंतरता प्रभावित हो सकती है। इसके चलते जुलाई और अगस्त जैसे अधिक वर्षा वाले महीनों में भी कई बार गर्मी और उमस का दौर देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस हल्दूचौड़ के 27 मेधावियों को 4.14 लाख रुपए छात्रवृत्ति आवंटित

 

 

अगले तीन दिन का मौसम

28 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना। अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ- स्वर्गीय कीर्ति लोहनी की 10 वीं पुण्यतिथि पर 90 यूनिट रक्तदान

29 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर बारिश के आसार हैं। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

30 जून: प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और मानसूनी गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है।

 

 

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली से बचाव करने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।