उत्तराखण्डक्राइमगढ़वाल,

देहरादून में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या, कमरे के बाहर मिला ताला; पोती को स्कूल छोड़ने के बाद हुआ खौफनाक कांड

देहरादून- मोतीचूर रेलवे लाइन के पास भगत सिंह कॉलोनी में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला अपनी छह साल की पोती की देखभाल और पढ़ाई के लिए किराये के कमरे में रहती थीं। सोमवार को पोती को स्कूल छोड़ने के बाद वह वापस कमरे में लौटी थीं, लेकिन कुछ समय बाद उनकी हत्या कर दी गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना के बाद कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

मृतका की पहचान खजानी देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह वह अपनी छह वर्षीय पोती को स्कूल छोड़ने गई थीं। इसके बाद वह पड़ोस में आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल हुईं और फिर अपने किराये के कमरे में लौट आईं। स्कूल की छुट्टी के समय जब खजानी देवी बच्ची को लेने नहीं पहुंचीं तो स्कूल प्रशासन ने परिवार को इसकी सूचना दी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- अब आग लगने पर नहीं होगा गैस सिलिंडर ब्लास्ट, सिर्फ पिघल जाएगा, इंडियन आयल ने उत्तराखंड में इंडेन गैस का कंपोजिट सिलिंडर किया लांच, पढ़े पूरी खबर

 

 

इसके बाद पड़ोस में रहने वाले दामाद पंकज थापा बच्ची को लेकर खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे। वहां कमरे के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने मोबाइल फोन से खजानी देवी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। काफी प्रयास के बाद भी महिला का पता नहीं चलने पर पंकज बच्ची को अपने घर ले गए।

 

 

शाम को पंकज दोबारा खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे, लेकिन तब भी दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने महिला के बेटे संजय पुंडीर को इसकी जानकारी दी। संजय मौके पर पहुंचे और कमरे का ताला तोड़ा गया। कमरे के अंदर जाकर देखा तो खजानी देवी बाथरूम में मृत पड़ी थीं। उनके दाहिने गाल पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) धामी कैबिनेट की बैठक खत्म, नई MSME नीति मंजूर, सभी धर्मों की शादी के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी, पढ़ें एक क्लिक में अन्य फैसले।

 

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि हत्या की वजह और घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति के बारे में अभी पुलिस के पास ठोस जानकारी नहीं है।

 

 

परिवार के मुताबिक, खजानी देवी का बेटा संजय पुंडीर अपनी पत्नी के साथ रानीपोखरी के काटल गड़ूल गांव में रहता है। पोती की पढ़ाई के लिए खजानी देवी ने मोतीचूर में किराये का कमरा लिया था। आसपास ही बेटी और दामाद का परिवार भी रहता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय महिला के संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

 

 

जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि क्या आरोपी महिला की रोजाना की दिनचर्या से परिचित था। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि पोती के स्कूल जाने के बाद खजानी देवी के कमरे में अकेले रहने की जानकारी किस-किस व्यक्ति को थी। घटना से पहले महिला से मिलने-जुलने वाले लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में 17 निजी स्कूलों पर प्रशासन सख्त: महंगी किताबें और अवैध शुल्क पर नोटिस

 

 

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के समय इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिल सके। मामले की जांच के लिए पांच पुलिस टीमों को लगाया गया है।

 

 

रायवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। महिला के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।