उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल: निजी काम में सरकारी वाहन इस्तेमाल किया तो होगी कार्यवाही, शनिवार रहेगा ‘नो व्हीकल डे’

डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश, सरकारी दफ्तरों में एसी 24-26 डिग्री पर रखने और कार पूलिंग अपनाने के आदेश

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में नैनीताल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेशों का हर हाल में कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

डीएम द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब जनपद के सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रत्येक शनिवार को कार्यालय आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का ही उपयोग करेंगे। इसके अलावा सरकारी अधिकारियों को केवल सरकारी आवास से कार्यालय तक आने-जाने के लिए ही सरकारी वाहन के प्रयोग की अनुमति होगी। निजी आवास से कार्यालय आने-जाने में सरकारी वाहन के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- व्यवहार कुशल और एक्टिव अधिकारी गोपाल सिंह चौहान बने SDM रामनगर, प्रमोद कुमार को मिली हल्द्वानी की जिम्मेदारी

 

 

निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक अधिकारी केवल एक सरकारी वाहन का ही प्रयोग करेगा और वह भी केवल अति आवश्यक राजकीय कार्यों के लिए। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के पास ई-वाहन उपलब्ध हैं, उन्हें कार्यालय आवागमन में प्राथमिकता देने को कहा गया है। साथ ही नजदीकी क्षेत्रों से आने वाले कार्मिकों को कार पूलिंग व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ झूठ बोलकर दोस्त से कार लेकर नैनीताल घूमने निकला परिवार, कालाढूंगी-बाजपुर हाईवे हादसे में चार की मौत, तीन घायल

 

 

जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यों में यथासंभव वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने की बात कही है। वहीं ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी कार्यालयों में एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने तथा अनावश्यक एसी उपयोग से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

इसके अलावा कार्यालयों में अनावश्यक रोशनी और सजावटी लाइटिंग पर भी नियंत्रण रखने को कहा गया है। डीएम ने कहा कि ईंधन की बचत, कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सभी कार्मिक अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचें।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: बारूद भरी बोतल फटने से तीन किशोर झुलसे, एक की स्थिति गंभीर

 

 

जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों और विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि इन आदेशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

 

 

उन्होंने कहा कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों की बचत के लिए यह कदम उठाया गया है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।