KBC में करोड़पति बनने का आया ऑफर? पहले ये खबर पढ़ लें, शिक्षक से ठग लिए 1.50 करोड़

देहरादून न्यूज़- क्या आपको भी ऑनलाइन KBC गेम के जरिए करोड़पति बनने का ऑफर मिला है? अगर हां, तो सावधान हो जाइए। रुद्रप्रयाग निवासी एक शिक्षक को ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम जीतने का झांसा देकर साइबर ठगों ने करीब 1.50 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। फेसबुक पर KBC ऑनलाइन गेम के विज्ञापन के जरिए शिक्षक को चेहरा पहचानने वाली प्रतियोगिता में फंसाया गया और इनाम की रकम देने से पहले टैक्स व अन्य शुल्क के नाम पर लगातार पैसे वसूले गए।
पीड़ित शिक्षक विमल सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, 14 जनवरी 2026 को विमल सिंह की नजर फेसबुक पर चल रहे KBC ऑनलाइन गेम के विज्ञापन पर पड़ी। विज्ञापन में चेहरा पहचानने वाली प्रतियोगिता के जरिए बड़ी रकम जीतने का दावा किया गया था। प्रतियोगिता में मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें दिखाई गईं। शिक्षक ने इन चेहरों की पहचान कर ली।
इसके बाद उन्हें बताया गया कि एक सही चेहरा पहचानने पर 8.5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। जब शिक्षक ने इनाम की रकम हासिल करने के लिए संपर्क किया तो नितिन नाम के व्यक्ति ने उनसे बातचीत शुरू की। कथित तौर पर शिक्षक को बताया गया कि इनाम की रकम खाते में भेजने से पहले टैक्स जमा करना जरूरी है।
इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से शिक्षक से संपर्क किया जाने लगा। कभी टैक्स तो कभी अन्य शुल्क के नाम पर उनसे पैसे मांगे गए। ठगों ने कथित तौर पर आरबीआई से जुड़े दस्तावेज भी भेजे और शिक्षक को करोड़ों रुपये जीतने का भरोसा दिलाया।
ठगी का सिलसिला आगे बढ़ा तो शिक्षक को कार जीतने की जानकारी भी दी गई। इनाम और कार की रकम दिलाने के नाम पर उनसे लगातार भुगतान कराया जाता रहा। शिकायत के अनुसार, 30 मार्च से सितंबर तक अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
शिक्षक ने बताया कि ठगों को पैसे देने के लिए उन्होंने अपने बैंक खातों का इस्तेमाल किया। रकम कम पड़ने पर परिचितों से उधार लेकर भी पैसे जमा किए। इस दौरान 50 से ज्यादा बार ट्रांजेक्शन किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
करीब डेढ़ करोड़ रुपये देने के बाद भी जब ठगों ने और पैसे मांगना बंद नहीं किया तो शिक्षक को पूरे मामले पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
अब साइबर क्राइम पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन गेम, इनाम या लकी ड्रॉ में रकम जीतने के बाद यदि टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगे जाएं तो बिना सत्यापन के कोई भुगतान नहीं करना चाहिए।








