विश्व पर्यावरण दिवस पर एलबीएस महाविद्यालय में चला ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, छात्र-छात्राओं ने किया वृक्षारोपण

लालकुआं न्यूज़– विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम यूजीसी एवं एनसीटीई के निर्देशानुसार प्राचार्य प्रो. डॉ. अनीता सिंह के निर्देशन में उन्नत भारत अभियान, ईको क्लब, रेड क्रॉस, बीएड विभाग, राजनीति विज्ञान विभाग एवं हिन्दी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
महाविद्यालय परिसर स्थित हर्बल बॉटेनिकल गार्डन एवं अन्य स्थानों पर नीम, आंवला, तुलसी, अमलतास, बेल, बेला, सिल्वर ओक, गुलमोहर, मोरिंगा तथा चम्पा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
प्राचार्य डॉ. अनीता सिंह ने प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को एक-एक पौधा गोद लेने तथा अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. हेम चन्द्र पाण्डे, डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, डॉ. गीता तिवारी पाण्डे, प्रो. बीना मथेला, प्रो. ललित मोहन पाण्डे, हरीश चन्द्र जोशी, हेमा जीना, राकेश कुमार, डॉ. कल्पना शाह, डॉ. सुनीता भंडारी, डॉ. भारत सिंह डोबाल एवं डॉ. मनोज कुमार जोशी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हेम चन्द्र पाण्डे एवं डॉ. गीता तिवारी पाण्डे ने संयुक्त रूप से किया।








