उत्तराखंड- इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जनपदों में खराब मौसम का प्रभाव देखने को मिल सकता है। खासकर यमुनोत्री, धराली, केदारनाथ, सोनप्रयाग, जोशीमठ और मुनस्यारी के आसपास के इलाकों में 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है।
इसके साथ ही कई क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन ने भी संभावित आपदा को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।








