हल्दूचौड़ महाविद्यालय के शोधार्थी लक्ष्मण सिंह की पीएचडी मौखिकी परीक्षा सम्पन्न

हल्दूचौड़ न्यूज़- लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षा विभाग के शोधार्थी लक्ष्मण सिंह की पीएचडी मौखिकी परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। शोधार्थी ने अपना शोधकार्य शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एल. एम. पांडेय के निर्देशन में पूर्ण किया।
लक्ष्मण सिंह के शोध का विषय “उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि का उनके भावनात्मक बुद्धिमत्ता, शैक्षिक तनाव एवं पारिवारिक तनाव के संदर्भ में अध्ययन” रहा। शोध को वर्तमान समय के प्रतिस्पर्धात्मक एवं तकनीकी परिवेश में अत्यंत प्रासंगिक और समसामयिक माना गया।
शोध में विद्यार्थियों की भावनात्मक बुद्धिमत्ता, मानसिक संतुलन और पारिवारिक वातावरण को उनके शैक्षिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। अध्ययन में यह निष्कर्ष सामने आया कि उच्च भावनात्मक बुद्धिमत्ता वाले विद्यार्थी तनावपूर्ण परिस्थितियों का बेहतर ढंग से सामना करते हैं तथा उनकी शैक्षिक उपलब्धि भी अपेक्षाकृत बेहतर होती है।
वहीं अत्यधिक शैक्षिक एवं पारिवारिक तनाव विद्यार्थियों की एकाग्रता, मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षिक प्रदर्शन को प्रभावित करता है।
शोधकार्य में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए विद्यालयों एवं परिवारों में सहयोगात्मक और संवेदनशील वातावरण विकसित करने के कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
मौखिकी परीक्षा में बाह्य परीक्षक के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग से प्रो. हनीत गांधी ऑनलाइन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीन प्रो. अतुल जोशी ने की।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. चंद्रावती जोशी, अजीत सैनी, डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, डॉ. प्रदीप, डॉ. ललित मोहन पंत, डॉ. हेम चंद पांडे तथा पप्पू सागर सहित अन्य शिक्षकों एवं उपस्थित जनों ने शोधार्थी लक्ष्मण सिंह और शोध निर्देशक प्रो. (डॉ.) एल. एम. पांडेय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।








