नैनीताल में हूटर बजाकर हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस सख्त, थार वाहन का चालान कर उपकरण जब्त

नैनीताल जिले में पर्यटकों द्वारा वाहनों में अवैध हूटर और एम्प्लीफायर लगाकर हुड़दंग मचाने के मामले सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
इसी अभियान के तहत भीमताल पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक थार वाहन को रोका, जिसमें अवैध रूप से हूटर और एम्प्लीफायर लगे हुए थे। वाहन यूपी नंबर का था और चालक तेज आवाज में हूटर बजाकर क्षेत्र में भ्रम और असुविधा पैदा कर रहा था।
उपनिरीक्षक महेंद्र राज के नेतृत्व में चल रही चेकिंग के दौरान वाहन की जांच की गई, जिसमें नियमों के विरुद्ध लगे उपकरण पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही हूटर और एम्प्लीफायर को हटाकर जब्त कर लिया।
वाहन चालक मोहन सिंह, निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹1500 का चालान किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति हूटर या सायरन का इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों में नियमों के खिलाफ किसी भी प्रकार के उपकरण न लगाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।








