उत्तराखण्डकुमाऊं,जॉब अलर्ट,

उत्तराखंड में SI समेत 200 पदों पर भर्ती, 1 दिसंबर से आवेदन; 18 अप्रैल को होगी परीक्षा

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी उप निरीक्षक (समूह ‘ग’) के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

 

 

आयोग की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 85/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत उत्तराखंड पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन और आबकारी विभाग में रिक्त पदों को भरा जाएगा। लंबे समय से पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह अच्छा अवसर है।

 

 

इन विभागों में भरे जाएंगे 200 पद

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार पदों का विवरण इस प्रकार है।

  1. उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) – 93 पद।
  2. उप निरीक्षक अभिसूचना (पुरुष/महिला) – 19 पद।
  3. प्लाटून कमांडर (पुरुष), पीएसी/आईआरबी – 81 पद।
  4. अग्निशमन द्वितीय अधिकारी – 5 पद।
  5. उप आबकारी निरीक्षक – 2 पद।
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- (गजब) यहाँ बीमा की रकम लेने के लिए पति ने 70 साल की पत्नी को 56 का बताया, फिर इस तरह सामने आई सच्चाई

 

 

किस पद पर कितना वेतन और क्या है आयु सीमा?

उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, उप निरीक्षक अभिसूचना, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों के लिए वेतनमान 44,900 से 1,42,400 रुपये (लेवल-07) निर्धारित किया गया है। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 21 से 35 वर्ष होनी चाहिए।

 

 

वहीं उप आबकारी निरीक्षक के पद के लिए वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपये (लेवल-05) निर्धारित है। इस पद के लिए आयु सीमा 21 से 42 वर्ष रखी गई है।

 

 

पद के अनुसार निर्धारित है शैक्षिक योग्यता

उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, उप निरीक्षक अभिसूचना और प्लाटून कमांडर के पदों के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है।

 

 

अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद के लिए विज्ञान विषय में स्नातक डिग्री के साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम छह माह का कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रमाणपत्र होना जरूरी है। उप आबकारी निरीक्षक के पद के लिए इंटरमीडिएट अथवा समकक्ष शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है। पूर्व सैनिकों के लिए भी विज्ञापन में अलग से शैक्षिक अर्हता संबंधी प्रावधान दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा- बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलेने के बाद धाम में हुआ कुछ ऐसा, जिसे देश के लिए शुभ संकेत मान रहे तीर्थ पुरोहित

 

 

18 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है लिखित परीक्षा

भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल घोषित होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।

 

 

लिखित परीक्षा 200 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय ऑफलाइन परीक्षा होगी। आयोग ने इसके लिए 18 अप्रैल 2027 की अनंतिम तिथि निर्धारित की है।

 

 

4 से 6 जनवरी तक आवेदन में कर सकेंगे संशोधन

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र में किसी तरह की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को सुधार का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 4 जनवरी से 6 जनवरी 2027 तक संशोधन की अवधि निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस का ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ बृहद अभियान शुरू, SSP प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर सख्त एक्शन

 

 

आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपना नाम और जन्मतिथि सत्यापित करने के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करनी होगी। इसके अलावा आरक्षण श्रेणी, उपश्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र भी नियमानुसार अपलोड करने होंगे।

 

 

यहां करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी एक दिसंबर 2026 से उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित शारीरिक परीक्षा, प्रवेश पत्र और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी है।

 

 

प्रदेश में पुलिस समेत विभिन्न वर्दीधारी विभागों के 200 पदों पर होने जा रही इस भर्ती से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।