उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और सहायिका के पदों पर भर्ती शुरू, 29 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
केवल महिला अभ्यर्थी कर सकेंगी आवेदन, इंटरमीडिएट अनिवार्य योग्यता, विभागीय पोर्टल पर शुरू हुई ऑनलाइन प्रक्रिया।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखंड ने राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार इच्छुक महिला अभ्यर्थी 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 शाम 5:00 बजे तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
विभाग के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को ₹9,300 प्रतिमाह तथा आंगनबाड़ी सहायिका को ₹5,250 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। आवेदन केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://wecduk.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 30 जून 2026 (प्रातः 12:00 बजे)
- आवेदन की अंतिम तिथि: 29 जुलाई 2026 (शाम 5:00 बजे)
कौन कर सकता है आवेदन?
- केवल महिला अभ्यर्थी आवेदन के लिए पात्र होंगी।
- न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
- ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित राजस्व ग्राम तथा शहरी क्षेत्र में संबंधित वार्ड की स्थायी/मूल निवासी महिला ही आवेदन कर सकेगी।
- एक अभ्यर्थी केवल एक ही राजस्व ग्राम या वार्ड की रिक्ति के लिए आवेदन कर सकती है। यदि एक ही ग्राम या वार्ड में एक से अधिक पद हैं, तो प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग आवेदन किया जा सकेगा।
आवश्यक दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को निम्न दस्तावेज अपलोड करने होंगे—
- कक्षा 10 एवं 12 की अंकतालिका (अनिवार्य)
- स्नातक/स्नातकोत्तर की अंकतालिका (यदि लागू हो)
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र
- ग्रामीण क्षेत्र के लिए परिवार रजिस्टर की नकल
- शहरी क्षेत्र के लिए वोटर आईडी या राशन कार्ड
- आरक्षण प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- वरीयता श्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
ध्यान रखें
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में गलत या अपूर्ण जानकारी मिलने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। आवेदन जमा होने के बाद किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी संशोधन या नई सूचना विभागीय पोर्टल पर जारी की जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को समय-समय पर वेबसाइट विजिट करने की सलाह दी गई है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम बाल विकास परियोजना कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।








