15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर बिंदुखत्ता में विराट सद्भावना सम्मेलन, सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज करेंगे संबोधित

लालकुआं न्यूज़– महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर लालकुआं समीपवर्ती श्री हंस प्रेम योग आश्रम, संजय नगर द्वितीय, बिंदुखत्ता में आगामी 15 फरवरी को एक विराट सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आध्यात्मिक संत एवं मानव धर्म के प्रणेता सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज संबोधित करेंगे। सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं मानव उत्थान सेवा समिति के राष्ट्रीय संगठन सचिव महात्मा सत्यबोधानंद जी ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि महाशिवरात्रि के दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सद्भावना सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में पूज्य अमृता माताजी सहित अनेक दिव्य विभूतियों का आगमन सुनिश्चित हुआ है। साथ ही देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों से सैकड़ों संत-महात्मा सम्मेलन में भाग लेंगे।
महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए कथा पंडाल, सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भंडारा सहित कुल 63 विभागों का गठन किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी सेवा भाव से जुड़े कर्मठ कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन से पूर्व सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज द्वारा बिंदेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा।
इस अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित मातृशक्ति द्वारा मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। कुमाऊं के पारंपरिक वाद्य यंत्रों—ढोल, दमाऊ और मसकबीन—के साथ सद्गुरुदेव महाराज एवं अन्य दिव्य विभूतियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सद्भावना सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आश्रम परिसर में आवागमन के लिए दो पृथक मार्ग बनाए गए हैं। आयोजन की सफलता के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग से समन्वय स्थापित किया गया है।
महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति देश की प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संस्था है, जो अध्यात्म के माध्यम से मानव समाज तथा राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में सतत प्रयासरत है।
पत्रकार वार्ता में प्रचारिका बाई जी, इंद्रावती बाई जी, मर्यादा बाई जी, गुंजन बाई जी, महात्मा प्रभाकरानंद जी, महात्मा आलोकानंद जी, महात्मा नित्यानंद जी, महात्मा मानसानंद जी, घनश्याम रस्तोगी, भुवन भट्ट तथा मीडिया कोऑर्डिनेटर अजय उप्रेती भी मौजूद रहे।








