देहरादून में सनसनीखेज वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, 12 घंटे के अंदर पुलिस ने किया खुलासा

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मांडूवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर शराब पिलाने के बहाने पति को जंगल में ले जाकर चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान मदन मुखिया (38) निवासी सहरसा, बिहार के रूप में हुई है। वह मांडूवाला में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार, उसकी पत्नी मीना का पड़ोस में रहने वाले लल्लन शर्मा के साथ पिछले दो से तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मदन को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ने लगा।
फोन में फोटो-वीडियो मिलने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दो दिन पहले मांडूवाला के तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया था। इस दौरान उसे फोन में लल्लन और अपनी पत्नी की फोटो व वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी दूसरों को देने की धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, बदनामी के डर से लल्लन ने मीना के साथ मिलकर मदन की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद दोनों ने वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।
शराब पिलाने के बहाने जंगल ले जाकर की हत्या
योजना के तहत लल्लन मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गया। वहां मदन के नशे में धुत होने के बाद लल्लन और मीना ने कथित तौर पर चाकू से उसका गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और हत्या में इस्तेमाल चाकू को झाड़ियों में छिपा दिया।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से खुला राज
3 अक्टूबर को जंगल में मदन का शव मिलने के बाद प्रेमनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही क्षेत्र में मजदूरों के सत्यापन और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश की गई।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मदन की पत्नी मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर और गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान मिले हैं। मामले में प्रेमनगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां पुलिस की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सामने आने की संभावना है।










