उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी: मैदानी इलाकों में घना कोहरा, पहाड़ों में पाले का अलर्ट

देहरादून न्यूज़– मौसम विभाग ने उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पर्वतीय क्षेत्रों में पाले को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को राज्य के सभी जनपदों में मौसम सामान्यत: शुष्क रहेगा, लेकिन ठंड से फिलहाल राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों में घने कोहरे की चादर छाए रहने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा नैनीताल, चम्पावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिरने की संभावना बनी हुई है। इससे सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और ठंड का असर और तेज हो सकता है। वहीं ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति बने रहने की संभावना है।
नवंबर-दिसंबर के बाद जनवरी भी सूखी
प्रदेश में मौसम की शुष्कता लगातार चिंता बढ़ा रही है। दिसंबर माह में पूरे प्रदेश में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई, जो वर्ष 2016 के बाद पहली बार हुआ है। नवंबर में भी सामान्य से 98 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। इस सीजन में बर्फबारी भी केवल कुछ सीमित इलाकों तक ही सिमट कर रह गई है। जनवरी माह में भी अब तक सूखा बना हुआ है, जबकि आमतौर पर जनवरी के पहले सप्ताह में उत्तराखंड में औसतन 8.6 मिमी बारिश दर्ज होती रही है। बारिश न होने से बागवानी, कृषि और लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
दिन में गर्मी, रात में कंपकंपी
राजधानी देहरादून में मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन में चटख धूप खिलने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और पाले को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सतर्कता रखने की जरूरत है।








