हल्द्वानी में सपेरा गैंग का पर्दाफाश, 25 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद; 3 आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले शातिर सपेरा गैंग का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और बर्तन बरामद किए हैं। मामले के खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को पुरस्कृत भी किया है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र का है, जहां हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 मई 2026 को वह अपने परिवार सहित कोटाबाग गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 147/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है। पूरनपुर कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके घर के चैनल और दरवाजे का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी कर ली। इस मामले में थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच में दो संदिग्ध युवक हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूमते दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस ने सुरागरसी और तलाश करते हुए शुक्रवार 9 मई 2026 को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु निवासी सपेरा बस्ती, फेरूपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार में सपेरे का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र में होटल में रुके और रात के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण और बर्तन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान में पायल, बिछुवे, मंगलसूत्र, हार, चैन, अंगूठियां, चोकर, कमरबंद सहित अन्य कीमती जेवर शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
इस सफल खुलासे में कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के इनाम की घोषणा की है।








