हल्द्वानी के निजी स्कूलों में RTE प्रवेश की होगी भौतिक जांच, डीएम ने गठित की तीन सदस्यीय समिति

हल्द्वानी न्यूज़- शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE), 2009 के तहत निजी विद्यालयों में हुए विद्यार्थियों के प्रवेश और उन्हें वितरित धनराशि से संबंधित आंकड़ों में भिन्नता सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी क्षेत्र के RTE के तहत पंजीकृत निजी विद्यालयों में प्रवेश और संबंधित अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में नगर मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी, हल्द्वानी और कोषाधिकारी, हल्द्वानी को सदस्य नामित किया गया है।
RTE पोर्टल और विभागीय रिपोर्ट में मिली भिन्नता
जिलाधिकारी के अनुसार, RTE के तहत लाभान्वित विद्यार्थियों को वितरित धनराशि और संबंधित समय योजना को लेकर शिक्षा विभाग की रिपोर्ट तथा RTE पोर्टल पर विद्यालयों द्वारा दर्ज की गई सूचनाओं में भिन्नता पाई गई है। इसके अलावा निर्धारित 25 प्रतिशत मानक के सापेक्ष कुछ विद्यालयों में RTE के तहत विद्यार्थियों के नामांकन प्रतिशत में भी कमी सामने आई है।
इसी को देखते हुए अब विद्यालयों में मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाएगा।
2021-22 से अब तक के रिकॉर्ड की होगी जांच
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार समिति द्वारा वर्ष 2021-22 से हल्द्वानी क्षेत्र के RTE के अंतर्गत पंजीकृत विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण और सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन से संबंधित अभिलेखों की जांच की जाएगी।
समिति RTE पोर्टल पर दर्ज विद्यार्थियों के आंकड़ों का विद्यालयों में उपलब्ध रिकॉर्ड और शिक्षा विभाग की सूचनाओं से मिलान करेगी। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि पोर्टल पर दर्ज आंकड़े और विद्यालयों की वास्तविक स्थिति में कोई अंतर तो नहीं है।
इन निजी विद्यालयों का होगा भौतिक सत्यापन
जिलाधिकारी के आदेश के तहत हल्द्वानी क्षेत्र के RTE के अंतर्गत पंजीकृत कई निजी विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से—
- आर्यमान विक्रम बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग
- व्हाइट हॉल स्कूल, लामाचौड़
- व्हाइट हॉल स्कूल एक्सटेंशन, हल्द्वानी
- केडीएम पब्लिक स्कूल, हीरानगर
- यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल, हल्द्वानी
- इंस्पिरेशन स्कूल, हल्द्वानी
- दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी
- दी आनन्दा एकेडमी, हल्द्वानी
सहित संबंधित अन्य विद्यालय शामिल हैं।
एक महीने में देनी होगी जांच रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने गठित समिति को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों के भौतिक निरीक्षण और अभिलेखों के परीक्षण के बाद एक माह के भीतर स्पष्ट एवं विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराई जाए।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य RTE के तहत पात्र विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सुविधाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना है। साथ ही RTE पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और विद्यालयों की धरातलीय स्थिति के बीच किसी भी प्रकार की विसंगति को दूर करना भी जांच का प्रमुख उद्देश्य है।








