नैनीताल में बाघ का कहर: 48 घंटे में दो की मौत, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश

नैनीताल जिले में इन दिनों बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 48 घंटों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। ताजा मामला भीमताल ब्लॉक के भदयूनी गांव का है, जहां एक युवक को बाघ ने अपना शिकार बना लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, भदयूनी गांव निवासी कमल बिष्ट किसी काम से जंगल की ओर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर अचानक हमला कर दिया। युवक के देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद जंगल के भीतर उसका शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बाघ ने उसे अपना शिकार बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने क्षेत्र में बाघ को पकड़ने या मारने की मांग तेज कर दी है।
गौरतलब है कि इससे महज दो दिन पहले ज्योली गांव में भी एक महिला को बाघ ने हमला कर मार डाला था। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग अब जंगल की ओर जाने से कतरा रहे हैं और शाम होते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब दो मौतों के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाघ की तलाश के लिए टीमों को तैनात किया गया है और प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल में न जाने की सलाह दी गई है।








