हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन फ्लाईओवर का गार्डर गिरने से 2 कांवड़ियों की मौत, गंगाजल लेकर लौट रहे थे घर

हरिद्वार से गंगाजल लेकर उत्तर प्रदेश लौट रहे दो कांवड़ियों की शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेड़ी राजपूतान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे कांवड़ियों पर भारी लोहे का गार्डर गिर गया। हादसे में दो कांवड़ियों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल रुड़की के उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गार्डर पर चढ़ा कांवड़िया, बिगड़ा संतुलन और नीचे बैठे श्रद्धालुओं पर गिरा
जानकारी के मुताबिक, कांवड़ियों का एक दल हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घरों की ओर लौट रहा था। शनिवार दोपहर करीब 2:20 बजे दल के कुछ कांवड़िए बड़ेड़ी राजपूतान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रुककर आराम कर रहे थे।
इसी दौरान एक कांवड़िया वहां रखे भारी लोहे के गार्डर पर चढ़ गया। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, कांवड़िए के गार्डर पर चढ़ने से उसका संतुलन बिगड़ गया और गार्डर नीचे बैठे श्रद्धालुओं पर जा गिरा। गार्डर की चपेट में आने से दो कांवड़ियों के सिर में गंभीर चोटें आईं।
गार्डर गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को गार्डर के नीचे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों कांवड़ियों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रुड़की के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रुड़की के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
मेरठ और गाजियाबाद के रहने वाले थे मृतक
एसपी क्राइम निशा यादव के मुताबिक, मृतकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज पुत्र महेश चंद्र, निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर और 22 वर्षीय कृष्ण पुत्र मटरु, निवासी शकूरपुर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है।
दोनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में गार्डर पर एक कांवड़िए के चढ़ने से उसका संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा इंतजाम, गार्डरों को रखने का तरीका और हादसे की परिस्थितियों को भी शामिल किया जा रहा है।
एक दिन पहले चार कांवड़ियों की डूबने से हुई थी मौत
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार दूसरे दिन हादसे ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की मौत हो गई थी।
बताया गया था कि हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर लौट रहे दल का एक किशोर गंगनहर में नहाने के लिए उतरा था। तेज बहाव और दलदली मिट्टी में फंसने के बाद उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए। इस दौरान चारों की डूबने से मौत हो गई थी।
लगातार दो दिनों में हुए इन हादसों के बाद कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।








