यूसीएफ सोयाबीन कॉम्प्लेक्स ध्वस्तीकरण मामला, जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें, एक हफ्ते में रिपोर्ट के निर्देश, तीन हफ्ते बाद भी जांच अधूरी

लालकुआं न्यूज़- उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के हल्दूचौड़ स्थित सोयाबीन एवं वनस्पति कॉम्प्लेक्स में भवन ध्वस्तीकरण को लेकर उठी शिकायतों की जांच लगभग तीन हफ्ते बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। जांच कमेटी को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद रिपोर्ट सामने नहीं आई है। अब मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
कॉम्प्लेक्स में ध्वस्तीकरण के दौरान जरूरत से अधिक गहराई तक खुदाई, मलबे के साथ उपखनिज निकाले जाने और विद्युत पोलों को स्क्रैप में बेचने की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद प्रशासन और यूसीएफ प्रबंधन ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई।
एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली ने ध्वस्तीकरण स्थल का औचक निरीक्षण कर परियोजना से संबंधित पत्रावली और कार्रवाई के अभिलेख तलब किए थे। उन्होंने निर्धारित कार्य के लिए आवश्यक खुदाई और मौके पर हुई वास्तविक खुदाई की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद यूसीएफ महाप्रबंधक त्रिभुवन सिंह रावत ने भी स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना प्रबंधक त्रिलोचन पाठक और अवर अभियंता मानवेंद्र सिंह को सीसीटीवी से ध्वस्तीकरण कार्य की निगरानी कराने तथा ठेकेदार से निर्धारित नियमों के अनुसार काम कराने के निर्देश दिए।
ध्वस्तीकरण स्थल से मलबे की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई थी। विद्युत पोलों को स्क्रैप में बेचे जाने की शिकायत की भी जांच होनी है। जांच में ध्वस्तीकरण की अनुमति, कार्य की शर्तों, खुदाई, मलबे के निस्तारण और संबंधित अभिलेखों का मिलान किया जाना है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शिकायतों की वास्तविकता और ध्वस्तीकरण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के पालन की स्थिति स्पष्ट होगी। अनियमितता प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल लगभग तीन हफ्ते बाद भी जांच रिपोर्ट का इंतजार है।










