देहरादून में युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद बवाल, आरोपी पक्ष के घरों में आगजनी; 12 नामजद समेत 35 पर केस

देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के सहसपुर थाना अंतर्गत बैरागीवाला गांव में एक युवक की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना में बजरंग दल से जुड़े युवक विनोद की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी पक्ष के घरों में आगजनी कर दी। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी है।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को पैसों के लेन-देन और खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 15 से 20 लोग बेलचे, हथौड़े और अन्य हथियारों के साथ विनोद के घर और खेत में घुस आए तथा हमला कर दिया। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई राजेश, अशोक और सुषमा भी घायल हुए।
घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सेटरिंग के 14 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार को पैसे देने के दौरान कहासुनी हुई और बाद में हमला कर दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला किया।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसी दौरान आरोपी पक्ष के कुछ घरों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।
पुलिस ने मृतक के परिजन अशोक कुमार की तहरीर पर रज्जाक, इम्तियाज, अमन, युनुस, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार समेत 12 नामजद तथा 30-35 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पहले की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई हुई होती तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।







