उत्तराखंड- यहाँ हुई दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति फरार

पिथौरागढ़ न्यूज़– नगर के जाखनी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार विकासखंड मूनाकोट के झूलाघाट के पास स्थित कानड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय राजेश राम लाबड़ महाराष्ट्र के पुणे में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। वह पिछले सात–आठ दिनों से छुट्टी पर पिथौरागढ़ आया हुआ था। वर्तमान में उसका परिवार जाखनी क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह किसी पारिवारिक विवाद के बाद राजेश राम ने अपनी पत्नी नीलम उर्फ निर्मला देवी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला के गले पर कई गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
मृतका के दो बच्चे हैं—एक 17 वर्षीय बेटा और एक 14 वर्षीय बेटी। इस जघन्य हत्या से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
हत्या के बाद आरोपी राजेश राम लाबड़ के फरार होने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।








