उत्तराखंड- यहाँ हुआ भीषण सड़क हादसा: बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कई वाहन भिड़े, CNG सिलेंडर फटने से लगी आग; महिला की मौत, 15 से अधिक घायल

हरिद्वार न्यूज़- देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना में बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार, एसयूवी और ट्रक समेत कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 की रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार आ रही उत्तराखंड रोडवेज की बस (UK04PA1678) की रायवाला थाना क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराई।
स्कॉर्पियो के पीछे चल रहा लोडेड ट्रक (HR46E0605) और एक महिंद्रा XUV300 (UK07HC5084) भी आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
CNG सिलेंडर फटने से लगी आग
हादसे के दौरान स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे वाहन में आग लग गई। आग की चपेट में आसपास के वाहन भी आ गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
महिला की मौत, कई लोग घायल
हादसे में श्रीमती कुसुम (30) पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की ट्रक के टायरों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 15 से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
फ्लाईओवर पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल और दमकल कर्मी पहुंच गए। हादसे के कारण फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
झंडा मेले से लौट रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक घायल और मृतक सभी लोग देहरादून में लगे झंडा मेला से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने घर बिजनौर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया
इस हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। मृतक कुसुम के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब मां का साया उठ गया है। परिवार में मातम का माहौल है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुसुम की सास रानी ने बताया कि कुसुम के पति सचिन पहले से ही दोनों हाथों से अपंग हैं और काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गंगा स्नान की थी योजना
ट्रैक्टर में सवार रोहित ने बताया कि परिवार के एक सदस्य की मन्नत पूरी होने पर सभी लोग देहरादून में श्रीझंडा जी के दर्शन करने गए थे। लौटते समय उन्होंने योजना बनाई थी कि वे रात में हरिद्वार रुककर सोमवार सुबह गंगा स्नान करेंगे और उसके बाद बिजनौर के लिए रवाना होंगे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस का बयान
अभय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर लाइट नहीं थी। इसी कारण पीछे से आ रही बस ने ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और उसके पीछे आ रहे कई वाहन आपस में भिड़ गए।
उन्होंने बताया कि बीच में फंसी एक कार में लगे सीएनजी सिलेंडर के कारण आग लग गई। हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।








