उत्तराखंड- नौकरी से हटाए जाने से नाराज पूर्व तहसील कर्मी बीएसएनएल टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप

नई टिहरी न्यूज़- जिला मुख्यालय नई टिहरी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नौकरी से हटाए जाने से नाराज एक पूर्व तहसील कर्मी बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भांगला, पट्टी दोगी, नरेंद्रनगर निवासी नरोत्तम प्रसाद गैरोला का आरोप है कि वह उपनल के माध्यम से वर्ष 2017 से 2024 तक तहसील घनसाली में उप निबंधक कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था। नरोत्तम का कहना है कि उसे बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से हटा दिया गया, जिसके बाद से वह लगातार शासन और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।
सोमवार को नरोत्तम अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में पहुंचा था। आरोप है कि वहां भी उसकी शिकायत का कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला। इससे आक्रोशित होकर वह कलेक्ट्रेट से निकलकर बीएसएनएल कार्यालय पहुंच गया और टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों द्वारा लगातार बातचीत कर नरोत्तम को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर टावर के आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई है।
समाचार लिखे जाने तक नरोत्तम टावर पर मौजूद था और प्रशासनिक अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने तथा उसकी मांगों पर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने में जुटे हुए थे।








