उत्तराखंड- (बड़ी खबर) यहाँ हुआ बड़ा बस हादसा: खाई में गिरी हिमाचल की एचआरटीसी बस, 3 की मौत, 35 से ज्यादा घायल

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड की राजधानी देहरादून जनपद के त्यूणी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की एक बस हरिपुर क्वानू–मीनस मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी इलाके और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों का इलाज त्यूणी और विकासनगर के अस्पतालों में जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बस चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों और सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं।








