उत्तराखंड- (ब्रेकिंग) यहाँ गुलदार का खौफनाक हमला, घास लेने गई महिला को मारकर सिर धड़ से किया अलग

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के आतंक ने एक और जान ले ली। कोट ब्लॉक के देवार क्षेत्र स्थित वाड़ी गांव में घास लेने गई 55 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महिला घर के पास स्थित खेतों में घास काटने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर दिया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उसे घसीटते हुए पास में स्थित एक खंडहरनुमा मकान के अंदर ले गया।
बताया जा रहा है कि गुलदार ने महिला के शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया। हमला इतना भयावह था कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार मौके से भाग निकला।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
महिला की मौत से गांव में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।
(खबर अपडेट की जा रही है…)







