उत्तराखंड- यहाँ खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत; वृद्ध मां पर टूटा दुखों का पहाड़

पौड़ी गढ़वाल न्यूज़-महरौली-चित्तौड़खाल मोटर मार्ग पर रूडोली गांव के पास शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक डंपर चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन चालक को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे डीसीआर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि महरौली क्षेत्र के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से देवायल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राकेश चन्द्र उर्फ जग्गु (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोपाल दत्त रेखाड़ी, निवासी ग्राम बसोली, विकासखंड सल्ट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
वृद्ध मां का इकलौता सहारा था राकेश
राकेश चन्द्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। राकेश अपने वृद्ध मां के साथ रहता था और परिवार का मुख्य सहारा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि परिवार में एक सौतेला भाई भी है।
बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही वृद्ध मां बेसुध हो गई। घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया है।








